Wed, 12 Aug 2026
Post Details

पंजाब में एक के बाद एक बम धमकी से हड़कंप, गुरदासपुर DC ऑफिस भी निशाने पर

गुरदासपुर के डिप्टी कमिश्नर (DC) ऑफिस को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद प्रशासन में हड़कंप मच गया। धमकी भरी ई-मेल मिलने के तुरंत बाद पूरे डीसी ऑफिस परिसर को खाली करवा दिया गया। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई हैं।

पुलिस ने पूरे परिसर की घेराबंदी की
धमकी भरी ई-मेल मिलने के बाद पुलिस ने डीसी ऑफिस परिसर को पूरी तरह घेर लिया। आने-जाने वाले रास्तों पर भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी आदित्य खुद मौके पर पहुंचे और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों की टीमें पूरे परिसर की गहन तलाशी ले रही हैं। अधिकारियों की ओर से एहतियात के तौर पर किसी भी व्यक्ति को परिसर में प्रवेश नहीं करने दिया जा रहा। साथ ही धमकी भरी ई-मेल की जांच शुरू कर दी गई है।

ई-मेल भेजने वाले की तलाश
सुरक्षा एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि धमकी भरी ई-मेल किसने भेजी और इसके पीछे क्या मकसद था। पुलिस ई-मेल के स्रोत और उसमें दी गई धमकी से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। फिलहाल प्रशासन की ओर से सुरक्षा को लेकर पूरी सतर्कता बरती जा रही है।

फिरोजपुर में भी मिली थी बम धमाके की धमकी
गुरदासपुर से पहले बुधवार को फिरोजपुर में भी सरकारी इमारतों को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। फिरोजपुर जिला कचहरी और नगर कौंसिल की इमारत को धमकी भरे ई-मेल भेजे गए थे। इसके बाद दोनों इमारतों को खाली करवाकर पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने तलाशी अभियान चलाया।

हालांकि, शुरुआती जांच में दोनों स्थानों से कोई संदिग्ध वस्तु सामने नहीं आई। एक ही दिन में अलग-अलग जिलों में धमकी भरे ई-मेल मिलने के बाद पंजाब में प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां विशेष रूप से सतर्क हो गई हैं।

Comments

No comments yet.



Latest News

Number of Visitors - 193454