Tue, 11 Aug 2026
Post Details

अमृतसर में आज नहीं रुकेगी ट्रेनें, प्रशासन के आश्वासन के बाद किसानों ने टाला आंदोलन

अमृतसर में किसानों की ओर से 11 अगस्त को प्रस्तावित रेल रोको आंदोलन फिलहाल स्थगित कर दिया गया है। भारतीय किसान यूनियन एकता संघर्ष के प्रदेश अध्यक्ष पलविंदर सिंह माहल ने बताया कि बाढ़ पीड़ितों को मुआवजा देने, ओलावृष्टि से हुए नुकसान की भरपाई समेत विभिन्न मांगों को लेकर आज दोपहर 12 बजे रेलों का चक्का जाम करने का ऐलान किया गया था।

प्रशासन के साथ लगातार चल रही थीं बैठकें
पलविंदर सिंह माहल के मुताबिक, किसानों की मांगों को लेकर डीआईजी, डिप्टी कमिश्नर और एसएसपी समेत प्रशासनिक अधिकारियों के साथ लगातार बैठकें चल रही थीं। किसानों की प्रमुख मांग थी कि बाढ़ प्रभावित परिवारों को जल्द से जल्द मुआवजे की राशि जारी की जाए। उनका कहना है कि बाढ़ की घटना को करीब एक साल बीत चुका है, लेकिन प्रभावित परिवार अभी भी आर्थिक परेशानियों से गुजर रहे हैं।

प्रशासन ने मुआवजा जारी करने का दिया आश्वासन
एसएसपी कार्यालय में हुई बैठक के दौरान प्रशासन की ओर से किसानों को आश्वासन दिया गया कि बाढ़ पीड़ितों के मुआवजे की राशि जारी करने की प्रक्रिया 11 अगस्त से ही शुरू की जा रही है। प्रशासन के इस आश्वासन के बाद किसानों ने फिलहाल रेल रोको आंदोलन स्थगित करने का फैसला लिया है।

ओलावृष्टि से हुए नुकसान का भी मिलेगा मुआवजा
बैठक में 2024 में ओलावृष्टि के कारण किसानों को हुए नुकसान का मुद्दा भी उठाया गया। प्रशासन की ओर से बताया गया कि संबंधित अधिकारी प्रभावित किसानों से उनके बैंक खातों की जानकारी लेने के लिए संपर्क कर रहे हैं, ताकि मुआवजे की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा सके। प्रशासन के आश्वासन के बाद फिलहाल आंदोलन को स्थगित किया गया है। अब किसानों की नजर मुआवजे की प्रक्रिया शुरू होने और राशि जारी होने पर रहेगी।

Comments

No comments yet.



Latest News

Number of Visitors - 193192