Sun, 06 Sep 2026
Post Details

पंजाब कांग्रेस में तीसरे गुट की आहट! 15 विधायकों ने राहुल गांधी से मांगा मिलने का समय

पंजाब कांग्रेस में चल रही अंदरूनी गुटबाजी के बीच अब तीसरे गुट के सक्रिय होने की चर्चा तेज हो गई है। सूत्रों के मुताबिक कांग्रेस के 15 विधायकों ने राहुल गांधी को पत्र लिखकर मुलाकात का समय मांगा है। विधायक पंजाब कांग्रेस के मौजूदा हालात और पार्टी नेताओं के बीच चल रहे विवाद को लेकर राहुल गांधी के सामने अपनी बात रखना चाहते हैं।

प्रताप सिंह बाजवा भी दिल्ली पहुंचे
इसी बीच पंजाब विधानसभा में विपक्ष के नेता प्रताप सिंह बाजवा भी दिल्ली पहुंच गए हैं। पंजाब कांग्रेस में लंबे समय से नेताओं के बीच चल रही खींचतान के बीच 15 विधायकों की राहुल गांधी से मुलाकात की मांग को अहम माना जा रहा है। हालांकि, राहुल गांधी की ओर से अभी मुलाकात का समय तय किए जाने की जानकारी सामने नहीं आई है।

भूपेश बघेल से नहीं हो पाई थी विधायकों की मुलाकात
इससे पहले पंजाब कांग्रेस प्रभारी भूपेश बघेल जब पंजाब दौरे पर आए थे, उस समय विधानसभा का सत्र चल रहा था। विधानसभा की कार्यवाही में व्यस्त होने के कारण विधायक उनसे मुलाकात नहीं कर पाए थे। इसके बाद अब विधायकों ने अपनी बात सीधे राहुल गांधी तक पहुंचाने का फैसला किया है।

काला ढिल्लों बोले- लंबे समय से राहुल गांधी से नहीं हुई मुलाकात
बरनाला से कांग्रेस विधायक कुलदीप सिंह काला ढिल्लों ने कहा कि काफी लंबे समय से पंजाब कांग्रेस के नेताओं की राहुल गांधी से मुलाकात नहीं हुई है। उन्होंने बताया कि मौजूदा हालात को देखते हुए विधायकों की राय थी कि राहुल गांधी से मिलकर पार्टी की स्थिति के बारे में चर्चा की जाए। पार्टी नेताओं के बीच जो मनमुटाव चल रहा है, उसके बारे में राहुल गांधी को जानकारी दी जाएगी। उन्होंने कहा कि वह कांग्रेस पार्टी के समर्पित सिपाही हैं और अपनी बात पार्टी के प्लेटफॉर्म पर ही रखेंगे।

विधायकों की बैठक के बाद राहुल गांधी को लिखा पत्र
काला ढिल्लों ने बताया कि सभी विधायकों की एक बैठक हुई थी। बैठक में विधायकों ने पंजाब कांग्रेस के मौजूदा हालात को लेकर अपनी-अपनी राय रखी। इसके बाद राहुल गांधी से मुलाकात के लिए पत्र लिखा गया। सभी नेता चाहते हैं कि पार्टी के भीतर चल रहे आपसी मनमुटाव खत्म हों और कांग्रेस एकजुट होकर आगे बढ़े। अब देखना होगा कि राहुल गांधी की ओर से 15 विधायकों को मुलाकात का समय कब दिया जाता है और इस बैठक में पंजाब कांग्रेस के भीतर चल रहे विवाद को लेकर क्या चर्चा होती है।

Comments

No comments yet.



Latest News

Number of Visitors - 216153

Share this Post