Mon, 10 Aug 2026
Post Details

जालंधर में होटल के कमरे में युवती की मौत, लाल सूटकेस खाली मिला; CCTV खंगाल रही पुलिस

जालंधर सिटी रेलवे स्टेशन के पास स्थित रॉयल होटल के एक कमरे से 20 वर्षीय युवती का शव मिलने से हड़कंप मच गया। घटना की सूचना होटल कर्मचारियों ने थाना नंबर 3 की पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।

दो दिन से होटल के कमरा नंबर-102 में ठहरी थी युवती
जानकारी के अनुसार युवती पिछले दो दिनों से होटल के कमरा नंबर-102 में ठहरी हुई थी। सोमवार सुबह करीब 7 बजे होटल कर्मचारियों ने उसे कमरे में मृत अवस्था में देखा। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। मृतका की पहचान 20 वर्षीय योतिका निवासी लुधियाना के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, युवती कथित तौर पर विशु नामक युवक से मिलने के लिए होटल आती थी, जिसका निक नेम चिंटू बताया जा रहा है।

कमरे में बिखरा मिला सामान, खाली सूटकेस भी बरामद
पुलिस ने जांच के दौरान युवती के कमरे से लाल रंग का एक सूटकेस बरामद किया, जो खाली था। कमरे की हालत भी अस्त-व्यस्त मिली और सामान इधर-उधर बिखरा हुआ था। पुलिस फिलहाल कमरे की स्थिति और मौके से मिले अन्य सुरागों को जांच का हिस्सा बना रही है।

दो दिनों से युवती से मिलने होटल आ रहा था युवक
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि चिंटू नाम का युवक लगातार दो दिनों से युवती से मिलने होटल आ रहा था। बताया जा रहा है कि वह दिन में करीब 2 से 3 घंटे तक युवती के साथ कमरे में रहता था और इसके बाद वहां से चला जाता था। पुलिस अब युवक की पहचान और भूमिका को लेकर जांच कर रही है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद सामने आएगा मौत का कारण
पुलिस का कहना है कि युवती की मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल पुलिस होटल के CCTV फुटेज खंगाल रही है और होटल कर्मचारियों समेत अन्य लोगों से पूछताछ कर रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि युवती की मौत किन परिस्थितियों में हुई।

Comments

No comments yet.



Latest News

Number of Visitors - 192936