Nurturing Talent, Empowering Dreams – A Step Towards a Brighter Future by SBMCT - PHAGWARA
जालंधर महानगर के 'वेस्ट हल्के' में अपराध का ग्राफ लगातार बढ़ता जा रहा है। ताज़ा मामला विपन ज्वेलर्स की दुकान से सामने आया है, जहाँ दो नकाबपोश लुटेरों ने दिन-दहाड़े लूट की वारदात को अंजाम देने की कोशिश की। हालांकि, दुकानदार की बहादुरी के चलते लुटेरे अपने मंसूबों में कामयाब नहीं हो सके और खाली हाथ भाग निकले।
ग्राहक बनकर आए थे नकाबपोश
दुकान के मालिक विपन वर्मा ने बताया कि दो युवक ग्राहक बनकर उनकी दुकान में दाखिल हुए। उन्होंने चांदी के ब्रेसलेट दिखाने की मांग की। विपन ने जब उन्हें दो सेट दिखाए, तो उनकी संदिग्ध गतिविधियों को देखकर उन्हें शक हो गया। विपन ने सावधानी बरतते हुए उनसे कहा कि बाकी के गहने वह कल दिखाएंगे।
पत्नी पर तानी पिस्तौल, दुकानदार ने दिखाया साहस
जैसे ही दुकानदार ने उन्हें जाने को कहा, एक युवक ने पिस्तौल निकाल ली और विपन की पत्नी पर तान दी। लुटेरों ने धमकी दी कि वे शोर न मचाएं। लेकिन विपन वर्मा डरे नहीं और उन्होंने निडरता दिखाते हुए लुटेरों का सामना किया और जोर-जोर से शोर मचाना शुरू कर दिया। शोर मचता देख और पकड़े जाने के डर से लुटेरे पैदल ही मौके से फरार हो गए।
सीसीटीवी में कैद हुई वारदात, पुलिस जांच शुरू
पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों में कैद हो गई है। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में ले लिया गया है और पीड़ित परिवार के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पुलिस का दावा है कि आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।




Comments
No comments yet.