Mon, 22 Jun 2026

पंजाब में शिवसेना नेता की पायलट गाड़ी का शीशा टूटा, निहंगों ने किया विरोध

लुधियाना में शिवसेना के चेयरमैन राजीव टंडन की गाड़ी को कुछ निहंगों ने रोक लिया। जिसके बाद निहंगों ने नारेबाजी की और उनकी गाड़ी का शीशा तक तोड़ डाला। यह घटना उस समय हुई जब वह सोमवार सुबह अपने कार्यालय जा रहे थे और उनका काफिला फ्रेंड्स रीजेंसी के पास से गुजर रहा था।

प्रदर्शनकारियों ने रोकी पायलट गाड़ी
फ्रेंड्स रीजेंसी के निकट सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर चेतन के खिलाफ विभिन्न सिख संगठनों का धरना चल रहा था। इसी दौरान कुछ निहंग सिंहों ने राजीव टंडन की पायलट गाड़ी को रोक लिया और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस दौरान गाड़ी का शीशा भी टूट गया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

पुलिस की तत्परता से टला बड़ा विवाद
चश्मदीदों के अनुसार कुछ समय तक हालात तनावपूर्ण बने रहे। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, CIA-1 और अन्य सुरक्षा टीमें मौके पर पहुंचीं। पुलिस अधिकारियों ने तत्काल हस्तक्षेप कर स्थिति को नियंत्रण में लिया और राजीव टंडन के काफिले को सुरक्षा के बीच वहां से निकाल दिया।

टंडन बोले- समय पर पुलिस न आती तो हालात बिगड़ सकते थे
राजीव टंडन ने कहा कि यदि पुलिस समय रहते हस्तक्षेप नहीं करती तो स्थिति और गंभीर हो सकती थी। उन्होंने घटना को गंभीर सुरक्षा चूक बताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और घटनास्थल से जुड़े तथ्यों को खंगाल रही है।


450

Share News

Comments

No comments yet.



Latest News

Number of Visitors - 168856