Sun, 06 Sep 2026
Post Details

शादी की खुशियां मातम में बदलीं, इमारत में लगी भयानक आग से 22 की मौत

कांगो लोकतांत्रिक गणराज्य की राजधानी किंशासा में शादी समारोह के दौरान एक इमारत में लगी भीषण आग ने खुशियों को मातम में बदल दिया। हादसे में कम से कम 22 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। प्रशासन ने आशंका जताई है कि मृतकों की संख्या अभी और बढ़ सकती है।

शादी समारोह के दौरान लगी आग

जानकारी के मुताबिक, यह दर्दनाक हादसा शुक्रवार रात किंशासा के उत्तरी हिस्से में स्थित लिंगवाला इलाके में हुआ। एक इमारत में शादी समारोह चल रहा था, तभी अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने पूरी इमारत को अपनी चपेट में ले लिया और शनिवार तड़के तक आग धधकती रही।

संकरे गलियारों ने बढ़ाई मुश्किल

आग लगने के बाद समारोह में शामिल लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई। इमारत के संकरे गलियारों के कारण लोगों को बाहर निकलने में काफी परेशानी हुई। कई लोग आग में फंस गए। शादी समारोह में मौजूद लोगों ने अपनी जान जोखिम में डालकर अंदर फंसे लोगों को बाहर निकालने की कोशिश की।

सड़क किनारे दिखा दर्दनाक मंजर

रेस्क्यू के दौरान इमारत से बाहर निकाले गए कई लोगों को सड़क किनारे लिटाया गया। इनमें कुछ लोग गंभीर हालत में जीवित थे, जबकि कई लोगों की मौत हो चुकी थी। हादसे के बाद पूरे इलाके में चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका

लिंगवाला के मेयर नॉर्बर्ट मुशिंगा ने कांगो प्रेस एजेंसी को बताया कि फिलहाल हादसे में 22 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। उन्होंने आशंका जताई कि राहत और बचाव अभियान आगे बढ़ने के साथ मृतकों की संख्या बढ़ सकती है। फिलहाल आग लगने के सटीक कारण का पता नहीं चल पाया है और प्रशासन मामले की जांच कर रहा है।

Comments

No comments yet.



Latest News

Number of Visitors - 215818

Share this Post