मंड ग्राउंड में कुशम क्रिकेट क्लब की शानदार जीत, स्टार्स क्रिकेट क्लब को महज़ 12 ओवर में हराया ।
अमेरिका में महज 48 घंटे के भीतर दो भारतीय नागरिकों की गोली मारकर हत्या के मामलों ने भारतीय समुदाय की चिंता बढ़ा दी है। न्यूयॉर्क में कपूरथला निवासी 28 वर्षीय गुरदीप सिंह की कहासुनी के बाद गोली मारकर हत्या कर दी गई। इससे पहले टेनेसी में 62 वर्षीय गुजराती कारोबारी सुरेश पटेल की लूट के दौरान गोली लगने से मौत हो गई थी। दोनों मामलों में पुलिस जांच जारी है।
कहासुनी के बाद चली गोली
न्यूयॉर्क शहर के क्वींस निवासी गुरदीप सिंह की शुक्रवार रात करीब 10 बजे ईस्टर्न न्यूयॉर्क के स्टेनली एवेन्यू के पास गोली मारकर हत्या की गई। स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, गुरदीप की एक अज्ञात व्यक्ति से कहासुनी हुई थी। विवाद बढ़ने के बाद आरोपी ने कथित तौर पर गोली चला दी और मौके से फरार हो गया।
पुलिस के पहुंचने पर गुरदीप के सीने में गोली लगी हुई थी। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
कपूरथला के जबोवाल गांव से था संबंध
गुरदीप सिंह पंजाब के कपूरथला जिले के जबोवाल गांव का रहने वाला था। बताया जा रहा है कि वह वर्ष 2017 में ‘डंकी रूट’ के जरिए अमेरिका पहुंचा था। न्यूयॉर्क में वह डिलीवरी पार्टनर के तौर पर काम कर रहा था और फिलहाल वर्क परमिट पर अमेरिका में रह रहा था।
रिपोर्टों के अनुसार, गुरदीप करीब नौ साल से अपने परिवार से नहीं मिला था। उसकी मौत की खबर सामने आने के बाद परिवार और गांव में मातम का माहौल है।
CCTV में कैद हुई पूरी घटना
स्थानीय रिपोर्टों के मुताबिक, घटनास्थल के CCTV फुटेज में दो लोग सड़क पर आपस में लड़ते दिखाई दे रहे हैं। इसके बाद अचानक रोशनी की चमक नजर आती है, जिसे गोली चलने का संकेत माना जा रहा है। फुटेज में एक व्यक्ति जमीन पर गिरता दिखाई देता है, जबकि दूसरा व्यक्ति कार में बैठकर मौके से फरार हो जाता है।
पुलिस ने शनिवार सुबह तक घटनास्थल से सबूत जुटाए, लेकिन फिलहाल किसी संदिग्ध को गिरफ्तार नहीं किया गया है।
NAPA ने जताया दुख
गुरदीप सिंह की हत्या पर अमेरिका स्थित नॉर्थ अमेरिकन पंजाबी एसोसिएशन (NAPA) ने दुख जताया है। संगठन ने घटना को लेकर चिंता व्यक्त की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी की तलाश जारी है।





Comments
No comments yet.