Wed, 05 Aug 2026
Post Details

शिमला में सैकिंडों में गिर गई 5 मंजिला इमारत, लोगों की जान पर बनी

हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में पिछले दो दिनों से भारी बारिश हो रही है। शिमला के भट्टाकुफर माठू कॉलोनी में सोमवार सुबह एक 5 मंजिला इमारत ढह गई। हालांकि, गनीमत रही कि इस घटना में किसी की जान नहीं गई, क्योंकि इमारत को कल रात ही खाली करा लिया गया था। बताया जा रहा है कि फोरलेन निर्माण के कारण इमारत के नीचे बड़ी-बड़ी दरारें पड़ गई थीं। इमारत सोमवार सुबह ढह गई। भूस्खलन और इमारत ढहने की घटना के बाद  कुछ लोग अपने घरों को खाली कर रहे हैं।

शिमला के रामपुर में बादल फटा
शिमला के रामपुर में सुबह करीब 3 बजे बादल फटने से भारी नुकसान हुआ। रामपुर के सरपारा ग्राम पंचायत के सिक्कासरी नाला गांव में बादल फटने की घटना हुई। सिक्कासरी निवासी राजेंद्र कुमार के मकान का एक हिस्सा बादल फटने से आई बाढ़ में बह गया। इसमें मकान का एक कमरा और रसोई वाला हिस्सा तबाह हो गया है। इस बाढ़ में एक गाय और 2 बछड़े भी बह गए। बता दें कि पिछले साल भी इलाके में बादल फटने की घटना हुई थी, जिसमें 36 लोगों की जान चली गई थी।

भारी बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग ने आज 10 जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके साथ ही चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला, सिरमौर और सोलन जिलों में अगले 24 घंटों के लिए अचानक बाढ़ आने की येलो चेतावनी जारी की गई है। विभाग ने 6 जुलाई तक भारी बारिश की चेतावनी जारी की है, जबकि 2 जुलाई को भारी से बहुत भारी बारिश की ऑरेंज चेतावनी घोषित की गई है।

Comments

No comments yet.



Latest News

Number of Visitors - 191998