Tue, 23 Jun 2026

विजय सांपला ने CM मान पर साधा निशाना, बोले- मुद्दे से ध्यान भटकाने की कोशिश

बेअदबी और बहबल कलां गोलीकांड मामले की जांच कर रही विशेष जांच टीम (SIT) के समक्ष पेश होने के बाद पंजाब भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष विजय सांपला ने जांच प्रक्रिया पर सवाल उठाए हैं। जालंधर के पीएपी कॉम्प्लेक्स में पूछताछ के बाद सांपला ने कहा कि उन्हें जिस मांग पत्र (मेमोरेंडम) के आधार पर बुलाया गया, उसकी कॉपी तक उन्हें नहीं दिखाई गई।

मांग पत्र की कॉपी मांगी
विजय सांपला ने बताया कि एसआईटी ने उन्हें वर्ष 2018 में राज्यपाल को सौंपे गए एक मांग पत्र के संबंध में पूछताछ के लिए बुलाया था। उन्होंने कहा कि उस समय वह पंजाब भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भी नहीं थे। हालांकि अकाली दल और भाजपा गठबंधन के दौरान एक संयुक्त मांग पत्र जरूर सौंपा गया था। उन्होंने एसआईटी को स्पष्ट रूप से बताया है कि पहले उन्हें उस मांग पत्र की प्रति उपलब्ध करवाई जाए। दस्तावेज देखने के बाद ही वह इस मामले में विस्तृत जवाब दे सकेंगे। उन्होंने कहा कि कॉपी मिलने के बाद वह इसे मीडिया के सामने भी रखेंगे।

बोले- जांच में पूरा सहयोग करूंगा
भाजपा नेता सांपला ने कहा कि जैसे ही उन्हें संबंधित दस्तावेज उपलब्ध करवाए जाएंगे और दोबारा बुलाया जाएगा, वह जांच एजेंसी का पूरा सहयोग करेंगे। मैनें एसआईटी के समक्ष अपना पक्ष रख दिया है और आगे भी कानून के मुताबिक सहयोग जारी रहेगा। जांच के नाम पर डराने और दबाव बनाने की कोशिश की जा रही है। मामले को जिस तरह से आगे बढ़ाया जा रहा है, उससे कई सवाल खड़े होते हैं।

मुख्यमंत्री भगवंत मान पर साधा निशाना
विजय सांपला ने मुख्यमंत्री भगवंत मान पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार इस मामले को राजनीतिक रूप देने की कोशिश कर रही है। सांपला ने कहा कि मुख्यमंत्री से जुड़े एक वीडियो विवाद को लेकर पहले इसे एआई जनरेटेड बताया गया, लेकिन बाद में रुख बदल लिया गया। जांच के बाद यह बात सामने आई कि वीडियो एआई से तैयार नहीं किया गया था। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री के करीबी लोग भी इस मामले को लेकर अलग-अलग बयान दे रहे हैं।


80

Share News

Comments

No comments yet.



Latest News

Number of Visitors - 169041